बड़वानी जिले में बोर्ड परीक्षाओं की शुरुआत हो गई है। जिलेभर में बनाए गए कुल 57 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी के बीच परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। प्रशासन द्वारा सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था की गई है ताकि परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
सोमवार को आयोजित कक्षा 12वीं का पहला प्रश्नपत्र अपेक्षाकृत आसान रहा, जिससे परीक्षा देकर बाहर निकले परीक्षार्थी काफी संतुष्ट और खुश नजर आए। छात्रों ने बताया कि उन्होंने पूरे वर्ष परीक्षा की तैयारी की थी, जिसका सकारात्मक परिणाम पहले ही पेपर में देखने को मिला। परीक्षार्थियों ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आयोजित “परीक्षा पे चर्चा” कार्यक्रम से उन्हें मानसिक रूप से काफी मदद मिली और परीक्षा को लेकर मन में बना डर दूर हुआ। वहीं शिक्षकों द्वारा समय-समय पर की गई बेहतर तैयारी और मार्गदर्शन से भी प्रश्नपत्र हल करने में आसानी हुई।
शहर स्थित एक्सीलेंस स्कूल में बनाए गए परीक्षा केंद्र के केंद्राध्यक्ष रणजीत सिंह सोलंकी ने बताया कि सामान्य रूप से परीक्षार्थियों की प्रवेश समय सीमा सुबह 8:30 बजे तक निर्धारित थी, लेकिन पहला पेपर होने के कारण कुछ परीक्षार्थियों को 15 मिनट की अतिरिक्त छूट देते हुए प्रवेश दिया गया।
प्रशासन का कहना है कि आगामी परीक्षाएं भी इसी तरह सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराई जाएंगी।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
