मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप सुशासन और आम जनता को सीधा लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित ‘विक्रम व्यापार मेला’ इन दिनों ऑटोमोबाइल सेक्टर के लिए बड़ा आकर्षण बना हुआ है। मेले में रिकॉर्ड तोड़ वाहन बिक्री दर्ज की गई है।

टैक्स छूट पर स्पष्टता, तकनीकी समस्या दूर

उज्जैन आरटीओ संतोष मालवीय ने मेले के दौरान उठे टैक्स छूट संबंधी सवालों पर स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने बताया कि प्रदेश में ग्वालियर और उज्जैन में एक साथ मेला आयोजित होने के कारण एनआईसी पोर्टल पर 50 प्रतिशत रोड टैक्स छूट के प्रावधान में शुरुआती तकनीकी दिक्कतें आई थीं।

इन समस्याओं को परिवहन आयुक्त के संज्ञान में लाकर अब पूरी तरह दुरुस्त कर दिया गया है। वर्तमान में वाहन खरीदारों को नियमानुसार 50 प्रतिशत रोड टैक्स छूट का लाभ सुचारू रूप से मिल रहा है।

रिकॉर्ड बिक्री के आंकड़े

आरटीओ मालवीय के अनुसार, मेले के पहले चार दिनों में ही लगभग 3500 से अधिक वाहनों की बिक्री हो चुकी है।

  • उद्घाटन के पहले दिन 625 वाहन बिके
  • दूसरे और तीसरे दिन 910 से अधिक गाड़ियों की बिक्री हुई
  • बारिश और मैदान में कीचड़ के बावजूद चौथे दिन औसतन 300 से अधिक वाहन बिके

यह आंकड़े मेले के प्रति जनता के उत्साह और भरोसे को दर्शाते हैं।

शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन

आरटीओ ने स्पष्ट किया कि विभाग का मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। यदि किसी वाहन स्वामी को किसी प्रकार की समस्या या शिकायत होती है, तो उस पर तत्काल और प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply