राजस्थान में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने जयपुर में भू-अभिलेख निरीक्षक को 3,80,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी जयपुर नगर-द्वितीय इकाई ने यह ट्रैप कार्रवाई की। आरोपी की पहचान अनिल कुमार, भू-अभिलेख निरीक्षक, वृत्त जयपुर-पश्चिम के रूप में हुई है।

5 लाख रुपये की थी मांग

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी को शिकायत मिली थी कि आरोपी ने परिवादी की पुश्तैनी जमीन के तकासमा कार्य के बदले 5 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत में यह भी आरोप था कि रिश्वत राशि देने के लिए दबाव बनाया जा रहा था।

सत्यापन के बाद ट्रैप कार्रवाई

शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी द्वारा परिवादी से 20,000 रुपये पहले ही ले लिए गए थे। बाद में 4 लाख रुपये लेने पर सहमति बनी, जिसमें 1 लाख रुपये स्वयं के लिए तथा 3 लाख रुपये उपखंड अधिकारी जयपुर-प्रथम के लिए लेने की बात सामने आई।

27 फरवरी 2026 को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में एसीबी टीम ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए आरोपी को 3,80,000 रुपये की रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।

एसीबी के अतिरिक्त महानिदेशक श्रीमती स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक श्रीमती एस. परिमाला के सुपरविजन में आरोपी से पूछताछ की जा रही है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान शुरू कर दिया गया है।

राजधानी जयपुर में हुई इस कार्रवाई को एसीबी की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply