धार्मिक नगरी उज्जैन में इस बार रंग पंचमी का उत्सव विशेष रूप से मनाया जाएगा। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव रंग पंचमी की पारंपरिक गैर में शामिल होंगे। यह गैर सिंधी कॉलोनी से सुबह करीब 9 बजे निकलेगी और शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई टॉवर चौक पहुंचेगी, जहां श्रीकृष्ण-सुदामा रंगोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा।

कलेक्टर रोशन कुमार सिंह के अनुसार रंग पंचमी के अवसर पर शहर में विशेष कार्यक्रमों की तैयारी की जा रही है। टॉवर चौक और आसपास के क्षेत्रों में भव्य मंच और स्वागत द्वार बनाए जाएंगे। इस दौरान श्रद्धालुओं और नागरिकों के साथ हर्बल गुलाल से रंगोत्सव मनाया जाएगा। साथ ही लोगों के लिए मिठाई, पकवान और खान-पान की व्यवस्था भी रहेगी।

आयोजन के दौरान मालवा की पारंपरिक लोक संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे। शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाएं जगह-जगह मंच लगाकर मुख्यमंत्री का स्वागत करेंगी और फूल-गुलाल से अभिनंदन किया जाएगा।

प्रशासन का कहना है कि उज्जैन की ऐतिहासिक परंपरा रंग पंचमी की गैर में बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं। जुलूस के टॉवर चौक पहुंचने के बाद भव्य कार्यक्रम के साथ रंगोत्सव का समापन किया जाएगा। आयोजन को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं की तैयारियां शुरू कर दी हैं।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply