लखनऊ से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने हाल ही में शुरू किए गए ग्रीन कॉरिडोर प्रोजेक्ट पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर में ट्रैफिक जाम से राहत देने के बड़े दावे के साथ शुरू किया गया यह कॉरिडोर उद्घाटन के महज दो दिन बाद ही विवादों में आ गया है।

घटना बीरबल साहनी मार्ग पर खाटू श्याम मंदिर के पास हुई, जहां अचानक सड़क का एक हिस्सा धंस गया और करीब पांच फीट गहरा गड्ढा बन गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार सड़क के नीचे से गुजर रही सीवर लाइन में लीकेज के कारण जमीन कमजोर हो गई, जिससे सड़क का हिस्सा अचानक धंस गया।

सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इस ग्रीन कॉरिडोर का उद्घाटन महज दो दिन पहले ही देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था। इस परियोजना से शहर के करीब पांच लाख लोगों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही थी।

घटना की जानकारी मिलते ही जलकल विभाग और निर्माण एजेंसी की टीमें मौके पर पहुंच गईं और मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया। अधिकारियों के मुताबिक, इलाके के पंपिंग सिस्टम से जुड़ी सीवर लाइन में लीकेज हो गया था, जिसके कारण सड़क की सतह कमजोर होकर धंस गई।

हालांकि इस घटना ने निर्माण गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। लोग अब यह जानना चाहते हैं कि जिस सड़क का उद्घाटन अभी दो दिन पहले ही हुआ, वह इतनी जल्दी कैसे धंस गई और क्या इस परियोजना में कहीं लापरवाही या तकनीकी खामी हुई है।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.

Comments are closed.

Secret Link