उज्जैन के चिमनगंज थाना क्षेत्र में आगर रोड पर एक युवक की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई।

पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मृतक की पहचान भूरा के रूप में हुई है, जो बेगम बाग क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसके बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

मामले की जानकारी देते हुए उप निरीक्षक लिबेन खेस ने बताया कि आगर रोड पर ब्रिज के समीप अलसुबह शव मिलने की सूचना मिली थी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि शव पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।

वहीं, परिजनों के अनुसार युवक रात करीब 10 बजे घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। सुबह उन्हें सूचना मिली कि उसका शव आगर रोड पर मिला है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए कहा कि शरीर पर चाकू जैसे निशान दिखाई दे रहे हैं।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

गौरतलब है कि पिछले तीन दिनों में शहर में यह दूसरी संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। इससे पहले मंगलवार को भूखी माता क्षेत्र से भी एक युवक का शव मिला था, जिसमें भी हत्या की आशंका जताई जा रही है। उस मामले में अब तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply