बड़वानी में नगरपालिका द्वारा अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। कर्मचारी कॉलोनी क्षेत्र में अवैध कब्जों को हटाने के लिए जेसीबी चलाई गई, जिसमें तीन मकानों से अतिक्रमण हटाया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अन्य अवैध निर्माणों पर भी कार्रवाई जारी रहेगी।

दरअसल, नगर पालिका बड़वानी द्वारा कर्मचारी कॉलोनी क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई मधुबन कॉलोनी के कॉलोनाइजर निर्भय सिंह तोमर की शिकायत के बाद की गई। शिकायत में उन्होंने दस्तावेज प्रस्तुत करते हुए आरोप लगाया था कि कर्मचारी कॉलोनी के कुछ रहवासियों ने मधुबन कॉलोनी की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर मकान निर्माण कर लिया है।

मामले की जांच के बाद नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) ने शिकायत को सही पाया और संबंधित लोगों को पहले ही नोटिस जारी किए गए थे। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन की मदद से तीन मकानों से अतिक्रमण हटाया।

हालांकि, इस कार्रवाई के दौरान विवाद भी सामने आया। कर्मचारी कॉलोनी निवासी डॉ. देवेश कुमावत ने नगर पालिका की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे अनुचित बताया। उनका कहना है कि उन्होंने कोई अतिक्रमण नहीं किया है और प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई गलत है।

इसी बीच क्षेत्रीय विधायक राजन मंडलोई भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने संबंधित दस्तावेजों का निरीक्षण किया। प्रशासन का कहना है कि आगे भी जिन स्थानों पर अतिक्रमण पाया जाएगा, वहां इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.

Comments are closed.

Secret Link