मध्य प्रदेश के खरगोन में चल रहे करोड़ों रुपये के सीवरेज प्रोजेक्ट की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर जनप्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। खरगोन-बड़वानी लोकसभा सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमसिंह पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष, सीएमओ और संबंधित अधिकारियों के साथ शहर में चल रहे निर्माण कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को साफ निर्देश दिए गए कि कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
यह परियोजना लंबे समय से शहर में चल रही है, जिसका उद्देश्य सीवर के गंदे पानी को नर्मदा नदी में जाने से रोककर उसे ट्रीटमेंट के बाद उपयोग में लाना है।
हालांकि, कई स्थानों पर खुले गड्ढों और अधूरे कार्यों के कारण स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कुछ जगहों पर दुर्घटनाओं की घटनाएं भी सामने आई हैं, जिससे लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
इन्हीं समस्याओं को देखते हुए जनप्रतिनिधियों ने सख्त रुख अपनाते हुए ठेकेदारों और अधिकारियों को तय समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका के अधिकारी और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
अब देखना होगा कि इस सख्त कार्रवाई के बाद सीवरेज कार्य की गति और गुणवत्ता में कितना सुधार आता है।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
