टीकमगढ़: जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ शनिवार सुबह खनिज विभाग ने बड़ा अभियान चलाया। सुबह 5 बजे से शुरू हुई इस छापामार कार्रवाई ने पूरे जिले में हड़कंप मचा दिया। खनिज अधिकारी विपुल रावत के नेतृत्व में टीम ने अलग-अलग क्षेत्रों में दबिश देकर अवैध खनन और परिवहन में शामिल वाहनों को जब्त किया।
कार्रवाई की शुरुआत शहर के मंडी रोड क्षेत्र से हुई, जहां अवैध मुरम से भरा एक ट्रक पकड़ा गया। बिना वैध अनुमति के परिवहन करते पाए जाने पर ट्रक को तत्काल जब्त कर देहात थाना की अभिरक्षा में रखा गया।
इसके बाद टीम दिगौड़ा पहुंची, जहां अवैध रेत परिवहन करते एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया गया। वाहन को दिगौड़ा थाना में सुरक्षित रखवाया गया। वहीं जतारा क्षेत्र में भी कार्रवाई जारी रही, जहां अवैध रेत से भरी एक अन्य ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी गई और जतारा थाना को सौंप दी गई।
खनिज विभाग की टीम ने मेंदवारा रेत खदान का भी निरीक्षण किया। शिकायतों के आधार पर मौके पर जांच की गई, लेकिन वहां किसी प्रकार का अवैध उत्खनन नहीं मिला। इसके बावजूद अधिकारियों ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और आगे सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
अभियान के दौरान टीम चंदेरा के मडोरी घाट भी पहुंची। यहां अवैध खनन में उपयोग किए जा रहे दो डीजल पंप मिले, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इस कार्रवाई को अवैध खनन माफियाओं के खिलाफ कड़ा संदेश माना जा रहा है।
इस पूरे अभियान में खनिज निरीक्षक कुलदीप जैन, हर्बल लोधी, पुष्पेंद्र पायक, धीरेंद्र नायक और राजेश चढ़ार की सक्रिय भूमिका रही।
खनिज अधिकारी विपुल रावत ने स्पष्ट कहा कि जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन अब अवैध खनन के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत काम कर रहा है।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
