हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। कुरारा थाना क्षेत्र के कुतुपुर गांव में यमुना नदी में नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया, जिसमें कुल 9 लोग नदी में डूब गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, गांव में देशराज निषाद के घर शादी समारोह आयोजित था। शादी में शामिल होने आए परिजन और रिश्तेदार यमुना नदी के दूसरी ओर गए हुए थे। वापस लौटते समय नाव अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे नाव में सवार सभी लोग नदी में गिर गए।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने बचाव कार्य शुरू किया। इस दौरान 3 लोग किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि 6 लोग लापता हो गए थे। लापता लोगों में एक महिला और पांच मासूम बच्चे शामिल बताए गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से रातभर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। अब इस हादसे में बड़ा दुखद अपडेट सामने आया है। लापता 6 लोगों में से 5 के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि एक की तलाश जारी है।
घटना स्थल पर डीआईजी समेत जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी करते रहे। वहीं बीजेपी सदर विधायक मनोज प्रजापति ने भी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और पीड़ित परिवारों को सांत्वना दी।
इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
