लखनऊ। राजधानी लखनऊ को एक नई सैन्य पर्यटन सौगात मिली है। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी के साथ गोमती नदी तट पर विकसित नौसेना शौर्य वाटिका का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने उत्तर प्रदेश में हुए व्यापक बदलावों की सराहना करते हुए कहा कि एक समय था जब यूपी को “वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया” के रूप में देखा जाता था, लेकिन आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की पहचान “वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट” के रूप में स्थापित हुई है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को जिस मजबूती से संभाला है, वह सराहनीय है। पहले निवेशक उत्तर प्रदेश आने से हिचकते थे, लेकिन आज प्रदेश देश और दुनिया के निवेशकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन चुका है।

दो एकड़ में विकसित हुई नौसेना शौर्य वाटिका
नौसेना शौर्य वाटिका करीब दो एकड़ क्षेत्र में विकसित की गई है। यहां भारतीय नौसेना के इतिहास, पराक्रम और तकनीकी क्षमता को प्रदर्शित करने वाले कई महत्वपूर्ण सैन्य उपकरण और युद्धपोतों के हिस्से स्थापित किए गए हैं। विशेष आकर्षण के रूप में सेवानिवृत्त युद्धपोत आईएनएस गोमती (INS Gomati) को उसके मूल स्वरूप में संरक्षित कर यहां स्थापित किया गया है।
वाटिका में AK-726 मीडियम रेंज गन, CET-53M टॉरपीडो डिकॉय सिस्टम, ZIF-101 लॉन्चर, कैपस्टन ड्रम और युद्धपोत का विशाल प्रोपेलर भी प्रदर्शित किया गया है, जिससे आगंतुकों को भारतीय नौसेना की कार्यप्रणाली और तकनीकी शक्ति को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।

यूपी डिफेंस कॉरिडोर और ब्रह्मोस परियोजना की भी मिलेगी जानकारी
भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी ने कहा कि लखनऊ में नौसेना शौर्य वाटिका की स्थापना का एक प्रमुख कारण इसकी बेहतर कनेक्टिविटी और गोमती नदी का ऐतिहासिक महत्व है, जो बंगाल की खाड़ी से जुड़ाव का प्रतीक है।
उन्होंने बताया कि भारतीय नौसेना में बड़ी संख्या में उत्तर प्रदेश के युवा सेवा देते हैं और देश के रक्षा ढांचे में भी यूपी की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि आईएनएस गोमती ने भारतीय नौसेना में 34 वर्षों तक उत्कृष्ट सेवाएं दीं और अब इसे गोमती नदी के किनारे स्थापित कर नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का केंद्र बनाया गया है।

वाटिका में नौसेना के विभिन्न युद्धक उपकरणों और तकनीकों की जानकारी के साथ-साथ उत्तर प्रदेश डिफेंस कॉरिडोर और ब्रह्मोस मिसाइल निर्माण परियोजना से जुड़ी जानकारियां भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
सैन्य पर्यटन का नया केंद्र बनेगा लखनऊ
भारतीय नौसेना और उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के संयुक्त प्रयास से विकसित यह परियोजना राजधानी लखनऊ के पर्यटन मानचित्र पर एक नए सैन्य पर्यटन केंद्र के रूप में उभरने जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि आने वाले समय में यह स्थल देश के प्रमुख सैन्य पर्यटन आकर्षणों में शामिल होगा और बड़ी संख्या में पर्यटकों, विद्यार्थियों तथा शोधार्थियों को आकर्षित करेगा।
नौसेना शौर्य वाटिका न केवल भारतीय नौसेना के गौरवशाली इतिहास को प्रदर्शित करेगी, बल्कि युवाओं में राष्ट्रभक्ति, सैन्य जागरूकता और रक्षा क्षेत्र के प्रति रुचि भी विकसित करेगी।
PUBLICFIRSTNEWS.COM









