-भारतीय जनता पार्टी सभी समाजों को साथ लेकर विकास और विश्वास की राजनीति करती है
-भाजपा राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की चिंता करती है
-श्री हेमंत खण्डेलवाल

दतिया/भोपाल, 27 जुलाई 2026। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने सोमवार को दतिया के मोटेल रिसोर्ट में रावत समाज के प्रबुद्धजनों की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश और समाज को जोड़ने वाली पार्टी है। भाजपा ने सदैव “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र को आत्मसात करते हुए सभी वर्गों और समाजों को समान सम्मान एवं अवसर प्रदान करने का कार्य किया है। भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा किसी एक वर्ग या समाज तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए समाज के प्रत्येक व्यक्ति के विकास और सम्मान के लिए कार्य करती है।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार ने बिना किसी भेदभाव के समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए अनेक जनहितकारी योजनाएं लागू की हैं, जिनका लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचा है। रावत समाज का सदैव भाजपा को समर्थन रहा है और इस बार भी पार्टी प्रत्याशी को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाकर क्षेत्र के विकास को गति देना है।


देश-प्रदेश में विकास की नई तस्वीर भाजपा की जनकल्याणकारी नीतियों का परिणाम

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा की सरकार ने गरीब, किसान, महिला, युवा, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग और सामान्य वर्ग सहित सभी समाजों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य किया है। आज देश और प्रदेश में विकास की जो नई तस्वीर दिखाई दे रही है, वह भाजपा की समावेशी सोच और जनकल्याणकारी नीतियों का परिणाम है। भारतीय जनता पार्टी समाज को बांटने की नहीं, बल्कि जोड़ने की राजनीति करती है। हमारे लिए प्रत्येक समाज समान रूप से सम्माननीय है और सभी की भागीदारी से ही सशक्त भारत और विकसित मध्यप्रदेश का निर्माण संभव है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता समाज के हर वर्ग के सुख-दुःख में सहभागी बनकर सेवा का कार्य करता है और यही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है।
समाज के प्रत्येक वर्ग का विश्वास लगातार भारतीय जनता पार्टी के प्रति मजबूत हुआ है


भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि दतिया विधानसभा उपचुनाव केवल एक विधायक चुनने का चुनाव नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास, सुशासन और जनसेवा की निरंतरता बनाए रखने का अवसर है। उन्होंने कहा कि रावत समाज के प्रत्येक व्यक्ति भाजपा प्रत्याशी श्री आशुतोष तिवारी को प्रचंड मतों से विजयी बनाकर क्षेत्र के विकास को नई गति देने में अपना योगदान दें। भारतीय जनता पार्टी का संकल्प है कि विकास की प्रत्येक योजना का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से गरीबों को आवास, किसानों को सम्मान निधि, महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए अनेक योजनाएं तथा युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। यही कारण है कि समाज के प्रत्येक वर्ग का विश्वास लगातार भारतीय जनता पार्टी के प्रति मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा कि दतिया की जनता विकास, सुशासन और जनकल्याण की राजनीति के साथ खड़ी है। आने वाला उपचुनाव भाजपा की ऐतिहासिक विजय का मार्ग प्रशस्त करेगा। उन्होंने रावत समाज के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज का यह स्नेह और समर्थन भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी पूंजी है तथा पार्टी जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।


इस दौरान भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री रणवीर सिंह रावत, पूर्व मंत्री व मध्यप्रदेश राज्य वन विकास निगम के अध्यक्ष श्री रामनिवास रावत, श्री गंधर्व सिंह रावत, श्री जवाहर सिंह रावत, श्री जगदीश सिंह रावत सहित समाज के प्रमुख प्रतिनिधि, प्रबुद्धजन, पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply

Secret Link