HIGHLIGHT :
- ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार जम्मू-कश्मीर दौरे पर पहुंचे रक्षा मंत्री
- श्रीनगर के बादामी बाग छावनी में देखा पाकिस्तान की ओर से दागे गए मोर्टार और गोले के टुकड़े
- राजनाथ सिंह बोले: “हमने कर्म देखकर किया आतंकियों का खात्मा, यही हमारा धर्म है”
- दौरे से पहले अवंतीपोरा के त्राल में तीन आतंकवादी ढेर
- मारे गए आतंकियों में टॉप कमांडर आसिफ शेख, आमिर नजीर वानी और यावर भट्ट शामिल
- तीनों पहलगाम हमले के बाद जारी 14 मोस्ट वांटेड आतंकियों की सूची में थे शामिल
- शोपियां के केलर में 13 मई को लश्कर-ए-तैयबा के तीन आतंकी मारे गए थे
- हथियारों का बड़ा जखीरा भी बरामद
ऑपरेशन सिंदूर के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पहली बार जम्मू-कश्मीर का दौरा किया। श्रीनगर स्थित बादामी बाग छावनी पहुंचकर उन्होंने सीमा पार से दागे गए पाकिस्तानी मोर्टार और गोले के टुकड़े देखे। इस दौरान उन्होंने सैनिकों से भी बातचीत की और उनके साहस की सराहना की।
राजनाथ सिंह ने पहलगाम हमले का ज़िक्र करते हुए कहा, “आतंकियों ने धर्म देखकर निर्दोषों की हत्या की थी, हमने उनका कर्म देखकर उन्हें खत्म किया। यही हमारा धर्म है।“
रक्षामंत्री के दौरे से पहले ही गुरुवार सुबह त्राल (अवंतीपोरा) में भारतीय सेना ने तीन आतंकवादियों को मुठभेड़ में ढेर कर दिया। मारे गए आतंकियों में आसिफ शेख (टॉप कमांडर), आमिर नजीर वानी, और यावर अहमद भट्ट शामिल हैं। ये तीनों हाल ही में सरकार द्वारा जारी की गई 14 मोस्ट वांटेड आतंकियों की लिस्ट में शामिल थे।
हालांकि, अभी तक अधिकारियों द्वारा इन मौतों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
यह जम्मू-कश्मीर में तीन दिन के भीतर दूसरा एनकाउंटर है। इससे पहले 13 मई को शोपियां जिले के केलर क्षेत्र में लश्कर-ए-तैयबा के तीन आतंकी मारे गए थे। बुधवार को उसी क्षेत्र से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया गया।
राजनाथ सिंह का दौरा यह स्पष्ट संकेत देता है कि केंद्र सरकार और सेना आतंकवाद के खिलाफ ‘नो टॉलरेंस’ नीति पर काम कर रही है।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
