मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के ससुर ब्रह्मादीन यादव का मंगलवार रात 98 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर स्थित विवेकानंद नगर स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। बुधवार को रीवा में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
ब्रह्मादीन यादव लंबे समय से श्वसन और पाचन संबंधी समस्याओं से पीड़ित थे। 27 जून की रात उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज के ICU में भर्ती कराया गया था। हालत में सुधार होने के बाद 30 जून को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी, लेकिन मंगलवार शाम उनकी तबीयत फिर से बिगड़ गई और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनका निधन हो गया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस समय अपनी सात दिवसीय दुबई और स्पेन यात्रा पर हैं। उनके साथ उनकी पत्नी सीमा यादव भी विदेश दौरे पर हैं। निधन की सूचना मिलने के समय मुख्यमंत्री स्पेन के लिए रवाना हो चुके थे, जिससे वे अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाएंगे।
ब्रह्मादीन यादव का जीवन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़ा रहा है। वे विद्यार्थी जीवन से ही संघ के सक्रिय कार्यकर्ता थे और कई आंदोलनों में भाग लिया। गिरफ्तारी से बचने के लिए उन्होंने नाम बदलकर ब्रह्मादीन रख लिया था। वे मुंबई में पढ़ाई पूरी करने के बाद मध्यप्रदेश के रीवा में शिक्षक बने और 1987 में प्रिंसिपल पद से सेवानिवृत्त हुए।
रिटायरमेंट के बाद वे सुल्तानपुर में अपने बेटे विवेकानंद यादव के साथ रह रहे थे, जो सरस्वती विद्या मंदिर में शिक्षक हैं। उनके तीन बेटे और एक बेटी हैं। बेटी सीमा यादव की शादी 1994 में डॉ. मोहन यादव से हुई थी।
2023 में उनकी पत्नी का भी निधन हो गया था। ब्रह्मादीन यादव का जीवन संघ विचारों और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए याद किया जाएगा।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
