पब्लिक फर्स्ट। शाजापुर । संदीप शर्मा ।
शाजापुर जिले की पनवाड़ी ग्राम पंचायत में स्थित पीएम श्री हाई स्कूल के छात्र-छात्राओं के लिए एक बड़ी सौगात मिली है। शासन की ओर से विद्यार्थियों को निशुल्क सायकल वितरित की गई, जिससे अब उनके लिए विद्यालय आना-जाना आसान हो जाएगा।
विद्यालय में आयोजित इस वितरण कार्यक्रम में बच्चों के चेहरे पर खुशी देखते ही बन रही थी। छात्रों ने बताया कि पहले स्कूल आने में काफी समय और मेहनत लगती थी, लेकिन अब सायकल मिलने से उनका सफर आसान और तेज़ हो गया है। इससे उन्हें पढ़ाई के लिए अधिक समय मिल पाएगा और थकावट भी कम होगी।
विद्यालय के प्राचार्य दिनेश सोनी ने कहा कि शासन की यह पहल शिक्षा की पहुंच को और मजबूत करेगी। उन्होंने इस योजना को एक “बड़ा सकारात्मक कदम” बताते हुए छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद जताई। सायकल मिलने से विद्यार्थियों की उपस्थिति भी बेहतर होगी और वे समय पर कक्षाओं में पहुंच सकेंगे।
सरकार की यह निशुल्क सायकल योजना, न केवल परिवहन की सुविधा दे रही है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
