पब्लिक फर्स्ट। भोपाल । पुनीत पटेल ।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने साध्वी प्रज्ञा के मामले में न्यायालय के फैसले का स्वागत करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अदालत ने यह सिद्ध कर दिया है कि हिंदू आतंकवाद की थ्योरी कांग्रेस की राजनीतिक चाल थी, जो अब पूरी तरह विफल हो चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “न्यायालय ने दूध का दूध और पानी का पानी कर दिया। कांग्रेस का ‘भगवा आतंकवाद’ का नाटक जनता के सामने उजागर हो गया है। यह कांग्रेस के षड्यंत्रों की हार है।”
राहुल गांधी पर सीधा निशाना
डॉ. यादव ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे बार-बार लोकतंत्र के प्रमुख स्तंभों—जैसे न्यायपालिका, सेना और चुनाव आयोग—पर सवाल उठाकर जनता की भावनाओं को ठेस पहुंचा रहे हैं।
उन्होंने कहा, “जब सेना ने दुश्मनों को जवाब दिया, तब राहुल गांधी ने देश का नहीं, बल्कि चीन-पाकिस्तान का समर्थन किया। ऐसे नेता अगर नेता प्रतिपक्ष बनेंगे, तो विपक्ष की गरिमा गिरना तय है।”
अटल बिहारी वाजपेयी का उदाहरण देकर ली तुलना
मुख्यमंत्री ने भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने नेता प्रतिपक्ष के रूप में गरिमा बनाए रखी थी, जबकि राहुल गांधी उस गरिमा को धूमिल कर रहे हैं।
