पब्लिक फर्स्ट। उज्जैन। अमृत बैंडवाल ।

उज्जैन के वल्लभ नगर जोन में स्मार्ट मीटर से बढ़े बिजली बिलों को लेकर कांग्रेस और स्थानीय नागरिकों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में शामिल सैकड़ों लोग हाथों में तख्तियां लिए “स्मार्ट मीटर हटाओ – जनता बचाओ” जैसे नारे लगा रहे थे।

प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष चेन सिंह चौधरी और शहर अध्यक्ष मुकेश भाटी ने किया। इस दौरान स्मार्ट मीटर के प्रतीकात्मक बॉक्स जलाए गए और बिजली विभाग पर जनविरोधी रवैये का आरोप लगाया गया।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि 12,000 रुपए मासिक कमाने वाले लोगों को 5,000 रुपए तक के बिजली बिल मिल रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं।

चेन सिंह चौधरी ने बताया, “गरीब मजदूर भी जबरन भारी बिल चुका रहे हैं। हमने अधिकारियों को 7 दिन का समय दिया है, नहीं तो प्रदेशव्यापी आंदोलन होगा।”

शहर अध्यक्ष मुकेश भाटी ने कहा, “यह सरकार की जनता से खुली लूट है। हम चुप नहीं बैठेंगे।”

कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री ललित मीणा ने भी विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेते हुए कहा कि सरकार को चाहिए कि स्मार्ट मीटरों की निष्पक्ष जांच करवाए, नहीं तो जनआक्रोश और बढ़ेगा।

बिल 5 से 10 गुना तक बढ़े

स्थानीय लोगों का दावा है कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बिजली बिलों में 5 से 10 गुना तक की बढ़ोत्तरी हो गई है। इससे आम आदमी की आर्थिक स्थिति पर सीधा असर पड़ रहा है।

publicfirstnews.com

Share.

Comments are closed.