मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गोरखपुर दौरे का आज दूसरा दिन जन-समस्या समाधान और जन-सेवा के नाम रहा। सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना और गौ-सेवा के साथ दिन की शुरुआत करने के बाद सीएम योगी ने जनता दर्शन कार्यक्रम में 200 से अधिक फरियादियों की समस्याएँ सुनीं।
पूजा-अर्चना और गौ-सेवा
सुबह 7 बजे के आसपास मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद मंदिर के गोशाला में पहुंचकर उन्होंने गायों को चारा खिलाया और गो-सेवा की।
जनता दर्शन: सीधे संवाद से जनता को राहत
मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के सामने बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। बीमारियों के इलाज, भूमि विवाद, आर्थिक सहायता, पारिवारिक विवाद और प्रशासनिक शिकायतों से जुड़े आवेदन मुख्यमंत्री को सौंपे गए।
सीएम योगी ने हर फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित, पारदर्शी और संतोषजनक समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा – “किसी भी शिकायत पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।”
भूमि कब्जा मामलों में सख्ती
भूमि कब्जा जैसे मामलों में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी गरीब, किसान या आम नागरिक की जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
बीमार व्यक्तियों को सरकारी सहायता
गंभीर बीमारियों से पीड़ित व्यक्तियों के इलाज का खर्च सरकार उठाएगी। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सहायता देने के निर्देश दिए ताकि इलाज में देरी न हो।
