पब्लिक फर्स्ट। रायसेन। संजीव ठाकुर।
जिले के किसान इस समय बेहद परेशान हैं। मूंग की खरीदी पूरी होने और तुलाई के बाद भी किसानों के खातों में भुगतान नहीं पहुंचा है। किसानों का कहना है कि सरकार ने दावा किया था कि खरीदी के 7 दिन के भीतर राशि सीधे उनके बैंक खातों में जमा कर दी जाएगी, लेकिन हफ्तों बीतने के बावजूद अभी तक पैसा नहीं मिला है।
किसानों ने संबंधित अधिकारियों से कई बार संपर्क किया, लेकिन उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिला। किसान अब नई फसल की तैयारी नहीं कर पा रहे हैं और खाद-बीज खरीदने से भी वंचित हैं। मजबूरी में कई किसान उधारी और कर्ज का सहारा ले रहे हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति बिगड़ रही है।
किसानों का आरोप है कि सरकार सिर्फ घोषणाएं करती है, लेकिन उन्हें निभाने में विफल रहती है। इससे किसानों का भरोसा कमजोर होता जा रहा है। कई गांवों में किसानों के बीच गुस्सा बढ़ रहा है और वे सवाल उठा रहे हैं कि जब वादे पूरे नहीं होंगे तो उनके भविष्य की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी।
मूंग खरीदी के भुगतान में देरी से किसानों की हालत गंभीर हो रही है। प्रशासन पर इस समस्या को जल्द सुलझाने का दबाव बढ़ रहा है।
