पब्लिक फर्स्ट । लखनऊ । अभिषेक यादव ।
लखनऊ के कल्याण सिंह सुपर स्पेशलिटी कैंसर इंस्टीट्यूट में स्तन कैंसर के निदान और इलाज को बेहतर बनाने के लिए आधुनिक 3D मैमोग्राफी यूनिट स्थापित की गई है। यह अत्याधुनिक यूनिट होलॉजिक सेलेनिआ डाइमेंशन 3D है, जिसकी कीमत लगभग 5 करोड़ 15 लाख रुपए है।
रेडियोडायग्नोसिस विभाग के प्रमुख डॉ. प्रमोद कुमार गुप्ता ने बताया कि यह मशीन थ्री-डायमेंशनल डिजिटल मैमोग्राफी (टोमोसिंथेसिस) सुविधा प्रदान करती है। इससे स्तन में प्रारंभिक और छोटे घाव भी आसानी से पहचान में आ जाते हैं, जिससे रोग का सही समय पर पता चल सकेगा।
इस तकनीक की विशेषता यह है कि इससे स्तन बायोप्सी भी की जा सकती है, जिससे कैंसर की पुष्टि अधिक सटीक और प्रभावी हो जाती है।
यह नई सुविधा पूरे क्षेत्र में स्तन कैंसर की पहचान और उपचार की गुणवत्ता में सुधार लाएगी। मरीज़ों को समय पर और बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलेगी, जिससे रोग की गंभीरता कम करने में मदद होगी।
