देवास जिले के बागली क्षेत्र में अंतर्जातीय प्रेम विवाह को लेकर बीते दो दिनों से बना तनाव अब प्रशासनिक हस्तक्षेप और समझाइश के बाद शांत हो गया है। मामले को लेकर पहले आदिवासी समाज द्वारा बस स्टैंड मार्ग पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया गया था, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई थी।

पुलिस और प्रशासन की जांच में युवक और युवती दोनों बालिग पाए गए। दोनों ने अपनी स्वेच्छा से विवाह करने की बात कही, जिसके बाद प्रशासन ने दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को संभाला।
तहसीलदार नीरज प्रजापति ने बताया कि समझाइश के बाद युवती ने स्वयं नारी निकेतन में रहने की इच्छा जताई, जिस पर एसडीएम के निर्देशानुसार उसे नारी निकेतन भेजा गया है। फिलहाल वहां रहने की कोई समय-सीमा निर्धारित नहीं की गई है।

विधायक के खिलाफ आदिवासी समाज का प्रतीकात्मक विरोध

इधर, इस मामले को लेकर आदिवासी समाज का आक्रोश क्षेत्रीय बीजेपी विधायक मुरली भंवरा के खिलाफ भी देखने को मिला। कोरकू समाज के लोगों ने बागली थाना चौराहे से प्रतीकात्मक अंतिम यात्रा निकाली। प्रदर्शन के दौरान अस्थि मटकी आगे रखकर नारेबाजी की गई और मुख्य मार्ग से होते हुए वापस थाना चौराहे पहुंचकर मटकी फोड़ी गई। इस दौरान “बागली विधायक मुर्दाबाद” के नारे भी लगाए गए।

पुलिस प्रशासन ने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनी हुई है। एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात है और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply