रायपुर से इस वक्त एक अहम और विशेष खबर सामने आ रही है, जहाँ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय 5 फरवरी 2026 रायपुर प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ-ग्रहण समारोह में शामिल हुए।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने प्रेस को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के सच्चे सेनानी हैं, जो समाज की आवाज़ बनकर शासन और जनता के बीच सेतु का काम करते हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री मोहन तिवारी सहित पूरी कार्यकारिणी को बधाई देते हुए कहा कि रायपुर प्रेस क्लब का इतिहास गौरवशाली रहा है और उन्हें विश्वास है कि नई टीम इसकी गरिमा को और ऊँचाइयों तक ले जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीबों, वंचितों और आमजन की समस्याओं को सामने लाने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने में पत्रकारों का योगदान अमूल्य है।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री श्री साय ने नक्सलवाद के खिलाफ चल रही कार्रवाई का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के संकल्प, सुरक्षा बलों के अदम्य साहस और स्पष्ट नीति के चलते
नक्सलवाद अब समाप्ति की ओर है और 31 मार्च 2026 तक इसके पूर्ण खात्मे का लक्ष्य तय किया गया है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पत्रकार कई बार कठिन और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में काम करते हैं, खासकर महिला पत्रकार जिस साहस और जिम्मेदारी से अपनी भूमिका निभा रही हैं, वह समाज के लिए गर्व का विषय है।

फेक न्यूज़ पर चिंता जताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह एक गंभीर चुनौती है, जिससे निपटने के लिए पत्रकारों की सकारात्मक भूमिका जरूरी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार प्रेस की स्वतंत्रता और अधिकारों की पूरी तरह पक्षधर है और पत्रकारों से जुड़ी मांगों पर सरकार सकारात्मक दृष्टिकोण से विचार करेगी।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने भी पत्रकारों को समाज का अभिन्न अंग बताते हुए रायपुर प्रेस क्लब के विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई, इस अवसर पर एक पुस्तक का विमोचन भी किया गया और बड़ी संख्या में वरिष्ठ पत्रकार, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply