मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज एक अलग ही अंदाज़ में नजर आए। उन्होंने जिले के लोकप्रिय पर्यटन स्थल मयाली नेचर कैंप में मात्र 10 रुपये का प्रवेश टिकट लेकर एडवेंचर स्पोर्ट्स का आनंद लिया और इसके साथ ही कई नई साहसिक खेल गतिविधियों का औपचारिक शुभारंभ भी किया। प्रवेश शुल्क अदा कर नेचर कैंप में प्रवेश करते हुए मुख्यमंत्री ने नियमों के पालन और समानता का सशक्त संदेश आम नागरिकों को दिया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय, विधायक श्रीमती गोमती साय, छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह, पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक श्री विवेक आचार्य सहित जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने नेचर कैंप में विकसित की गई अधोसंरचनाओं, सुरक्षा व्यवस्थाओं, पर्यटकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं तथा स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की पहलों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रकृति आधारित पर्यटन और एडवेंचर स्पोर्ट्स न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देते हैं, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और आय के नए अवसर भी सृजित करते हैं।

मुख्यमंत्री ने चार नए एडवेंचर स्पोर्ट्स का किया शुभारंभ

मुख्यमंत्री श्री साय ने मयाली नेचर कैंप में स्पोर्ट्स मोटर बाइक (एटीवी) स्वयं चलाकर साहसिक पर्यटन का अनुभव लिया। इसके साथ ही उन्होंने बैलून शूटिंग, आर्चरी शूटिंग और माउंटेन साइक्लिंग का शुभारंभ किया। माउंटेन साइक्लिंग के माध्यम से उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश भी दिया। इसके अतिरिक्त, नेचर कैंप में वॉल क्लाइंबिंग बोर्ड का उद्घाटन भी मुख्यमंत्री द्वारा किया गया।

इस दौरान वॉल क्लाइंबर तेज सिंह एवं तेजल भगत ने मुख्यमंत्री के समक्ष वॉल क्लाइंबिंग कर अपने कौशल का प्रदर्शन किया, जिसकी मुख्यमंत्री ने प्रशंसा की। मुख्यमंत्री श्री साय बॉक्स क्रिकेट में भी हाथ आजमाते नजर आए और आकर्षक शॉट लगाकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

मुख्यमंत्री ने नेचर कैंप स्थित कैक्टस गार्डन का भी अवलोकन किया, जहां विभिन्न प्रजातियों के कैक्टस लगाए गए हैं। इस अवसर पर वनमंडलाधिकारी श्री शशि कुमार ने कैक्टस के औषधीय महत्व की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे पर्यटन स्थलों का विकास छत्तीसगढ़ को एक प्रमुख एडवेंचर टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करेगा और युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराएगा।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.

Comments are closed.