हमीरपुर जिले से भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रशासन की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। जिला उद्योग विभाग में ऑनलाइन आवेदन और फाइल निस्तारण के नाम पर अवैध वसूली के मामले में तीन अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, निलंबित किए गए अधिकारियों में सहायक आयुक्त उद्योग एवं प्रभारी उपयुक्त उद्योग रवि वर्मा, सहायक प्रबंधक संतोष राव और जिला प्रबंधक मिलन कुमार शामिल हैं। इन अधिकारियों पर सरकारी योजनाओं में ऑनलाइन आवेदन, पत्रावली निस्तारण और सब्सिडी दिलाने के नाम पर आम लोगों से अवैध वसूली करने के गंभीर आरोप थे।
शिकायतें सामने आने के बाद मामले की जांच के लिए मुख्य विकास अधिकारी (CDO) और अपर जिलाधिकारी (ADM) की दो सदस्यीय जांच समिति गठित की गई थी। जांच रिपोर्ट में भ्रष्टाचार के ठोस साक्ष्य मिलने के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए तीनों अधिकारियों को निलंबित करने का निर्णय लिया।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर विभागीय अधिकारियों द्वारा लोगों से धन उगाही की जा रही थी। फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है, और प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि यदि अन्य अधिकारी या कर्मचारी भी इस प्रकरण में संलिप्त पाए गए, तो उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई प्रशासन की भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति को दर्शाती है और आम जनता में सरकारी योजनाओं के प्रति विश्वास बहाल करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
