रायगढ़। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर रायगढ़ प्रवास के दौरान ग्राम कोसमनारा स्थित पवित्र श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा धाम मंदिर परिसर में जनसुविधाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण के लिए ₹1 करोड़ 20 लाख की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया।
इन प्रस्तावित कार्यों के अंतर्गत श्रद्धालुओं के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे मंदिर परिसर में आने वाले भक्तों को अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिल सके। महाशिवरात्रि जैसे विशेष अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं, ऐसे में इन विकास कार्यों से व्यवस्थाओं को मजबूत आधार मिलेगा।
कोसमनारा स्थित यह धाम क्षेत्र में श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। यहां की आध्यात्मिक ऊर्जा समाज को सकारात्मक दिशा और आत्मबल प्रदान करती है। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि गुरुजनों के आशीर्वाद और जनता के विश्वास के साथ सरकार जनकल्याण एवं विकास के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ रही है।
स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं ने इस पहल का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि इन विकास कार्यों से धाम की गरिमा और भी बढ़ेगी तथा धार्मिक पर्यटन को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
