छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज श्रद्धा, सेवा और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम देखने को मिला। रायपुर स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में राष्ट्र संत गाडगे महाराज जी की 150वीं जयंती के पावन अवसर पर भव्य मड़ई मेला कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
राष्ट्र संत गाडगे महाराज जी ने अपने तप, त्याग और समर्पण से समाज को स्वच्छता, सेवा, समानता और मानवता का अमूल्य संदेश दिया। उन्होंने अंधविश्वास, छुआछूत और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जनजागरण चलाकर समाज सुधार की अलख जगाई। उनका सादा जीवन और लोककल्याण के प्रति समर्पण आज भी समाज के लिए प्रेरणा का प्रकाश स्तंभ है।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने गाडगे महाराज जी के जीवन और विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके आदर्श आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं जितने उनके जीवनकाल में थे। स्वच्छता अभियान, सामाजिक समरसता और सेवा भावना को आगे बढ़ाने का सामूहिक संकल्प भी लिया गया।
यह आयोजन न केवल श्रद्धांजलि का अवसर था, बल्कि समाज को एक नई दिशा देने का संदेश भी था।
PUBLICIFRSTNEWS.COM
