हरियाणा में राज्यसभा चुनाव की तारीख नजदीक आने के साथ ही सियासी हलचल तेज हो गई है। 16 मार्च को होने वाली वोटिंग से पहले कांग्रेस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है। पार्टी ने अपने विधायकों को एकजुट रखने और किसी भी तरह की क्रॉस वोटिंग से बचने के लिए विशेष रणनीति तैयार की है।

पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने शुक्रवार को सभी कांग्रेस विधायकों को अपने चंडीगढ़ स्थित आवास पर लंच के लिए बुलाया है। इस बैठक में विधायकों को राज्यसभा चुनाव की वोटिंग तक की रणनीति समझाई जाएगी और यह तय किया जाएगा कि चुनाव तक उन्हें एक साथ कहां और कैसे रहना है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार केंद्रीय नेतृत्व की मंजूरी के बाद सभी विधायकों को एक साथ हिमाचल प्रदेश शिफ्ट किया जा सकता है। इसके लिए वहां एक सुरक्षित और गोपनीय स्थान तलाशने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि विधायकों को एकजुट रखा जा सके।

कांग्रेस ने अपने विधायकों को विशेष निर्देश भी दिए हैं। सभी विधायकों से कहा गया है कि वे कम से कम पांच जोड़ी कपड़े लेकर चंडीगढ़ पहुंचें, क्योंकि चुनाव तक उन्हें पार्टी के साथ ही रहना पड़ सकता है।

दरअसल, कांग्रेस इस बार कोई जोखिम नहीं लेना चाहती। साल 2016 के हरियाणा राज्यसभा चुनाव के दौरान हुए स्याही कांड को ध्यान में रखते हुए पार्टी ने इस बार अतिरिक्त सावधानी बरतने का फैसला किया है। उस समय गलत पेन के इस्तेमाल की वजह से कांग्रेस के 14 वोट अमान्य हो गए थे।

इसी गलती को दोहराने से बचने के लिए इस बार कांग्रेस अपने विधायकों को वोटिंग की रिहर्सल भी करवाएगी, ताकि चुनाव के दिन किसी तरह की तकनीकी गलती न हो और सभी वोट सही तरीके से डाले जा सकें।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply