अफगानिस्तान की राजधानी काबुल से एक बेहद गंभीर और संवेदनशील खबर सामने आई है, जहां एक अस्पताल पर हुए कथित एयरस्ट्राइक के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। अफगान सरकार ने इस हमले के लिए पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराते हुए इसे ‘नापाक करतूत’ और ‘मानवता के खिलाफ अपराध’ बताया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हमले में 400 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है, जबकि करीब 250 लोग घायल बताए जा रहे हैं। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव तेजी से बढ़ता नजर आ रहा है।
तालिबान सरकार ने इस मामले पर कड़ा रुख अपनाया है। प्रवक्ता सुहैल शाहीन ने साफ शब्दों में कहा कि पाकिस्तान को इस कार्रवाई का ‘उसी की भाषा में जवाब’ दिया जाएगा। उनका आरोप है कि पाकिस्तानी एयर फोर्स ने काबुल के एक रिहैब अस्पताल को निशाना बनाया, जिससे भारी जनहानि हुई और कई परिवार तबाह हो गए। शाहीन ने इसे बेहद दर्दनाक बताते हुए कहा कि निर्दोष लोगों को निशाना बनाना किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है।
हालांकि, पाकिस्तान की ओर से इन आरोपों को लेकर अलग रुख सामने आया है। शाहीन के मुताबिक, पाकिस्तान बिना ठोस सबूत के आरोप लगा रहा है और टीटीपी को निशाना बनाने के नाम पर स्थिति को भटका रहा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अफगानिस्तान की जमीन का इस्तेमाल किसी भी आतंकी गतिविधि के लिए नहीं होने दिया जाएगा और इसको लेकर सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
पाकिस्तान के साथ बातचीत के सवाल पर भी तालिबान ने स्थिति साफ कर दी है। शाहीन ने कहा कि फिलहाल किसी भी तरह की बैकचैनल बातचीत नहीं चल रही है और पाकिस्तान ने सैन्य रास्ता चुन लिया है, जबकि अफगानिस्तान हमेशा शांतिपूर्ण समाधान का पक्षधर रहा है।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
