इंदौर से बुधवार तड़के एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे शहर को हिलाकर रख दिया।
शहर के बंगाली चौराहे के पास स्थित ग्रेटर बृजेश्वरी कॉलोनी में सुबह करीब 4 बजे एक भीषण आगजनी की घटना हुई, जिसमें 8 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 4 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
कैसे हुआ हादसा?
पुलिस के मुताबिक, घर के बाहर खड़ी एक इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग पर लगी हुई थी। इसी दौरान कार में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग लग गई।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पास में बने तीन मंजिला मकान को अपनी चपेट में ले लिया।
सिलेंडर ब्लास्ट से बढ़ी तबाही
आग तेजी से घर के अंदर पहुंची और वहां रखे गैस सिलेंडरों को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में एक के बाद एक सिलेंडर फटने लगे।
धमाके इतने जोरदार थे कि पूरा इलाका दहल उठा। विस्फोट के कारण मकान का एक हिस्सा भी ढह गया, जिससे अंदर फंसे लोगों के बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं बचा।
सोते हुए लोगों को नहीं मिला बचने का मौका
घटना के समय घर के अंदर मौजूद लोग गहरी नींद में थे। आग और धमाकों ने उन्हें संभलने तक का मौका नहीं दिया।
आग इतनी तेजी से फैली कि लोग बाहर निकल ही नहीं पाए और जिंदा जल गए।
इस भीषण हादसे में शहर के एक बड़े बिजनेसमैन सहित कुल 8 लोगों की मौत हो गई।
पहले 7 मौतों की खबर सामने आई थी, लेकिन बाद में मृतकों की संख्या बढ़कर 8 हो गई।
राहत और बचाव कार्य
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं।
कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
फिलहाल 4 घायलों का इलाज जारी है, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
