छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात सामने आई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 132वीं कड़ी में प्रदेश के कोरिया जिले के जल संरक्षण मॉडल की खुलकर सराहना की गई।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने मुख्यमंत्री निवास में इस कार्यक्रम को सुना और इसे राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणादायी बताया। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ देशभर में हो रहे सकारात्मक कार्यों और जनभागीदारी को एक राष्ट्रीय मंच देता है, जिससे समाज में नई ऊर्जा का संचार होता है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा कोरिया जिले के किसानों के प्रयासों की सराहना किया जाना पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने बताया कि ‘आवा पानी झोंकी’ जैसे अभिनव मॉडल के तहत किसानों ने अपने खेतों में रिचार्ज तालाब और सोख्ता गड्ढों का निर्माण कर वर्षा जल संरक्षण की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया है।

यह पहल न सिर्फ भूजल स्तर सुधारने में सफल रही है, बल्कि अब अन्य क्षेत्रों के लिए भी एक आदर्श बनती जा रही है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि राज्य सरकार जल संरक्षण को जन आंदोलन का रूप देने के लिए प्रतिबद्ध है और इसे जनभागीदारी से जोड़कर आगे बढ़ाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे जल संरक्षण को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं और इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएं।

इसके अलावा ‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने मत्स्य उत्पादन, फिटनेस, शुगर इंटेक में कमी और खेलों को बढ़ावा जैसे विषयों पर भी संदेश दिया, जिसे मुख्यमंत्री ने उपयोगी और प्रेरणादायी बताया।

पश्चिम एशिया की परिस्थितियों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि देश हर चुनौती से निपटने के लिए तैयार है। उन्होंने आश्वस्त किया कि छत्तीसगढ़ में पेट्रोलियम उत्पादों, रसोई गैस और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और नागरिकों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें।

कार्यक्रम के दौरान विधायक पुरंदर मिश्रा, नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, मीडिया सलाहकार कृष्णा दास सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply