छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। लोहंडीगुड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ढाबामारी के पास मंगलवार को शादी समारोह से लौट रहे ग्रामीणों से भरी एक पिकअप वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 37 ग्रामीण घायल हो गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, लोहंडीगुड़ा विकासखंड के ग्राम सिरिसगुड़ा के करीब 45 ग्रामीण पिकअप वाहन में सवार होकर ओरछा के रेंगाबेड़ा में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। समारोह से वापस लौटते समय ढाबामारी के पास उनका वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटना का शिकार हो गया।
हादसा इतना भीषण था कि पिकअप में सवार दो ग्रामीणों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान सिबो और मिटको के रूप में की गई है। वहीं, दुर्घटना में घायल हुए 37 ग्रामीणों में महिलाएं भी शामिल हैं, जिन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोहंडीगुड़ा पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही लोहंडीगुड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
यह हादसा एक बार फिर मालवाहक वाहनों में यात्रियों को ढोने की खतरनाक प्रवृत्ति को उजागर करता है। ग्रामीण इलाकों में अक्सर लोग सुविधा के अभाव में पिकअप जैसे वाहनों में सफर करने को मजबूर होते हैं, जो इस तरह की घटनाओं का कारण बनते हैं।
फिलहाल प्रशासन द्वारा घायलों के उपचार और पूरे मामले की जांच पर ध्यान दिया जा रहा है। वहीं, इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
