छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। दो दिन के भीतर दूसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए धमतरी पुलिस ने हेरोइन (चिट्टा) तस्करी के एक अंतर्राज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है।

इस कार्रवाई में पुलिस ने 56 ग्राम हेरोइन के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की बाजार कीमत लगभग 11 लाख रुपये आंकी गई है, जबकि कार, मोबाइल फोन और नगदी सहित कुल बरामदगी 16 लाख 24 हजार रुपये से अधिक की बताई जा रही है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि श्याम तराई फॉरेस्ट नाका के पास एक कार में अवैध रूप से हेरोइन की सप्लाई की जा रही है। सूचना के आधार पर धमतरी पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की और संदिग्ध वाहन को रोक लिया। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में हेरोइन, नगद राशि, मोबाइल फोन और एक मारुति स्विफ्ट कार बरामद की गई।

मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड इस्लामुद्दीन कुरैशी है, जो लंबे समय से पुलिस की निगरानी में था। आरोपी रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद और धमतरी सहित कई जिलों में सक्रिय था और पुलिस से बचने के लिए लगातार मोबाइल नंबर बदलता रहता था।

पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी पंजाब से ट्रेन के माध्यम से हेरोइन लाकर छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में सप्लाई करता था।

इस कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने अंतर्राज्यीय ड्रग सप्लाई नेटवर्क की एक अहम कड़ी को ध्वस्त करने में सफलता हासिल की है।

फिलहाल तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply