उज्जैन-इंदौर रोड पर रामवासा के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जिसकी पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। तेज रफ्तार मिनी लोडिंग वाहन सड़क किनारे खड़े एक अन्य लोडिंग वाहन में जा घुसा, जिससे हादसा हो गया।
CCTV फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि इंदौर की ओर जा रहा मिनी लोडिंग वाहन अचानक अनियंत्रित हो जाता है और सड़क किनारे खड़े वाहन से जोरदार टक्कर मार देता है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मिनी लोडिंग वाहन पलटकर सड़क किनारे जा गिरा।
घायल के परिजनों के अनुसार, वे तड़के सब्जी लेने उज्जैन जा रहे थे और रामवासा के पास कुछ देर के लिए वाहन खड़ा किया था। इसी दौरान नीले ड्रम से भरा मिनी लोडिंग वाहन तेज रफ्तार में आकर टकरा गया। हादसे में उनके चाचा घायल हो गए, वहीं वाहन को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने नानाखेड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में मिनी लोडिंग वाहन के चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
नानाखेड़ा थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषी चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
