उज्जैन जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नानाखेड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से 44 पेटी अंग्रेजी शराब, दो लग्जरी वाहन और फर्जी नंबर प्लेट जब्त की हैं। कुल जप्ती की कीमत 50 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (पश्चिम) गुरुप्रसाद पाराशर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक नानाखेड़ा दीपिका शिंदे के नेतृत्व में थाना प्रभारी नरेन्द्र यादव की टीम द्वारा की गई।
पहली कार्रवाई इंजीनियरिंग कॉलेज के पास की गई, जहां मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने एक XUV700 वाहन को रोका। तलाशी के दौरान वाहन से 23 पेटी (करीब 198.72 बल्क लीटर) अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत लगभग 2.75 लाख रुपये आंकी गई है। वहीं वाहन की कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है। मौके से आरोपी सचिन राव और यश चित्तौड़ा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने वाहन से दो फर्जी नंबर प्लेट भी जब्त की हैं।
दूसरी कार्रवाई शनि मंदिर ब्रिज के नीचे इंदौर रोड पर की गई, जहां पुलिस ने स्कॉर्पियो N वाहन को रोककर तलाशी ली। इस दौरान वाहन से 21 पेटी (करीब 181 बल्क लीटर) अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत लगभग 2.56 लाख रुपये बताई गई है। वाहन की कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई में साहिल उर्फ मनीष और चंद्रशेखर उर्फ कालू को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी इंदौर से अवैध शराब लाकर उज्जैन और गुजरात में ऊंचे दामों पर बेचते थे। तस्करी के लिए निजी वाहनों का इस्तेमाल किया जा रहा था और पुलिस से बचने के लिए फर्जी नंबर प्लेट का उपयोग किया जाता था।
थाना प्रभारी नरेन्द्र यादव ने बताया कि सभी आरोपी उज्जैन के निवासी हैं और उनसे पूछताछ जारी है। मामले में अन्य आरोपियों के शामिल होने की भी संभावना है, जिनकी तलाश की जा रही है। वहीं आरोपी चंद्रशेखर के खिलाफ पहले से आबकारी के मामले दर्ज हैं।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और आने वाले समय में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
