भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री श्री राहुल कोठारी ने मंगलवार को मध्यप्रदेश मंत्रिपरिषद की बैठक में विभिन्न विकास व जनकल्याकारी योजनाओं की स्वीकृति देने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार जताया है।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री श्री राहुल कोठारी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने आज मंत्रिपरिषद की बैठक में 26 हजार 800 करोड़ की विकास व जनकल्याणकारी योजनाओं को मंजूरी प्रदान की है। मंत्रिपरिषद के इस निर्णय से प्रदेश के विकास की गति को और रफ्तार मिलेगी। भाजपा सरकार युवा, छात्र, किसान, नारी शक्ति सहित हर वर्ग के कल्याण की योजनाओं से मध्यप्रदेश और समृद्ध हो रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली सरकार ने प्रदेश की 38,901 आंगनवाड़ी भवनों में विद्युतीकरण के लिए 80 करोड़ 41 लाख रूपये की स्वीकृति देकर मासूम बच्चों की जिंदगी में रोशनी लाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सभी समाज वर्गों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है।
लखुंदर उच्च दाबयुक्त सूक्ष्म सिंचाई परियोजना से किसान होंगे खुशहाल
भाजपा के प्रदेश महामंत्री श्री राहुल कोठारी ने कहा कि मंत्रिपरिषद द्वारा शाजापुर जिले की लखुंदर उच्च दाबयुक्त सूक्ष्म सिंचाई परियोजना को मंजूरी दी गई है। इस सिंचाई परियोजना के पूर्ण होने पर शाजापुर तहसील के 17 एवं उज्जैन जिले की तराना तहसील के 7 ग्राम यानी 24 ग्रामों की 9 हजार 200 हैक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। इस सिंचाई परियोजना के लिए 155 करोड़ 82 लाख रूपये स्वीकृत किए गए हैं। परियोजना अंतर्गत लखुंदर नदी पर शाजापुर जिले में मक्सी के समीप पूर्व से ही निर्मित जलाशय से 24.37 मीट्रिक घन. मीटर जल का उद्वहन कर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत मार्गों के नवीनीकरण, कार्यालयों की स्थापना और मरम्मत, आवासों के अनुरक्षण सहित भू-अर्जन के लिए मुआवजा संबंधी विभिन्न योजनाओं की सोलहवें वित्त आयोग की अवधि 1 अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2031 तक की निरन्तरता के लिए लगभग 26 हजार 311 करोड़ रूपये की स्वीकृति दी गई है।
विद्यार्थियों के हितों के संरक्षण के लिए सरकार संकल्पित
भाजपा के प्रदेश महामंत्री श्री राहुल कोठारी ने कहा कि मंत्रिपरिषद ने पिछड़ा वर्ग विद्यार्थी छात्रगृह योजना-2005 में संशोधन को स्वीकृति प्रदान कर दी है। अब छात्रवृत्ति के रूप में मिलने वाली 1,550 रूपये की राशि को अब बढ़ाकर सीधे 10 हजार रूपए प्रति माह कर दिया गया है। योजना के तहत अब प्रति वर्ष 100 नए विद्यार्थियों को इस योजना का लाभ मिलेगा, जिसमें 50 सीटें स्नातक और 50 सीटें स्नातकोत्तर स्तर के विद्यार्थियों के लिए तय की गई हैं। इसके साथ ही, जो विद्यार्थी पहले से इस योजना का लाभ ले रहे हैं, उन्हें उनके कोर्स की अवधि पूरी होने तक सहायता मिलती रहेगी। उन्होंने कहा कि गांधी चिकित्सा महाविद्यालय भोपाल में पी.जी. की सीट वृद्धि के लिए भी 79 करोड़ 16 लाख स्वीकृत किए गए हैं। श्यामशाह चिकित्सा महाविद्यालय रीवा के सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल विस्तार के लिए 174 करोड़ 80 लाख मंजूर किए गए हैं। इससे प्रदेश के स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर करने में मदद मिलेगी।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
