भोपाल/सीहोर। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सामाजिक सरोकार और जनकल्याण की दिशा में एक बार फिर बड़ा संदेश दिया है। मुख्यमंत्री आज भोपाल स्थित अपने निवास से वर्चुअली सीहोर जिले के आष्टा में आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन में शामिल हुए, जहां उन्होंने 200 बेटियों को नए दाम्पत्य जीवन के लिए शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि “सामूहिक विवाह” केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि सामूहिक चेतना का उत्सव है। यह समाज में फिजूलखर्ची, दिखावे और अनावश्यक खर्च पर रोक लगाने का सकारात्मक संदेश देता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता और समानता को भी मजबूती प्रदान करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और सामाजिक सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना इसी सोच का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसके माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक कराया जा रहा है।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार दिसंबर 2023 से अप्रैल 2026 तक प्रदेश की 1 लाख 70 हजार 180 बेटियां इस योजना के माध्यम से दाम्पत्य जीवन में प्रवेश कर चुकी हैं। वहीं अब तक पात्र परिवारों को लगभग 1000 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की जा चुकी है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि समाज में बेटियों के सम्मान और आत्मविश्वास को मजबूत करना भी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आगे भी महिला सशक्तिकरण और सामाजिक कल्याण से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता देती रहेगी।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply