हमीरपुर में बारात लेकर जा रहे दूल्हे पर दबंगों द्वारा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना राठ कोतवाली क्षेत्र के वसेला गांव के पास की बताई जा रही है, जहां आधा दर्जन से अधिक दबंगों ने बीच सड़क दूल्हे की गाड़ी रोककर जमकर उत्पात मचाया।
जानकारी के मुताबिक दबंगों ने पहले दूल्हे की कार में तोड़फोड़ की, फिर उसे गाड़ी से नीचे उतारकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। इस दौरान दूल्हे के भाई और अन्य परिजनों के साथ भी मारपीट की गई।
हमले में दूल्हा गंभीर रूप से घायल हो गया और लहूलुहान हालत में उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राठ में भर्ती कराया गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि पूरी वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दबंगों का हंगामा और मारपीट साफ दिखाई दे रही है।
मामले में पुलिस ने एक नामजद आरोपी सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
