कुमार जयदेव के नेतृत्व में लामबंद हुए पुजारी, परंपरा और सम्मान की रक्षा का संकल्प

मावली मंदिर में बस्तर जिले के सिरहा-गुनिया पुजारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन बस्तर धाकड़ क्षत्रीय राजपूत समाज के संरक्षक कुमार जयदेव के नेतृत्व में हुआ, जिसमें जिले भर के पुजारी, सिरहा और गुनिया बड़ी संख्या में शामिल हुए।

बैठक में संगठन के विस्तार, पुजारियों की समस्याओं के समाधान और देवी-देवताओं के सम्मान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। संगठन के सदस्यों ने बताया कि कुमार जयदेव के नेतृत्व में बनाए गए इस संगठन से अब तक करीब 200 सदस्य जुड़ चुके हैं और लगातार सदस्यता बढ़ रही है।

“पुजारियों की समस्याओं को गंभीरता से उठाते हैं कुमार जयदेव”

दंतेश्वरी मंदिर के प्रधान पुजारी कृष्ण कुमार पाढ़ी ने कहा कि कुमार जयदेव लगातार सिरहा-गुनिया पुजारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हैं और उनके समाधान के लिए प्रयासरत रहते हैं। उन्होंने कहा कि रियासत काल में पुजारियों और देवी-देवताओं को विशेष सम्मान दिया जाता था, लेकिन वर्तमान समय में उस सम्मान की अनदेखी हो रही है।

छोटे आमाबाल के पुजारी ओमप्रकाश ने दशहरा जैसे बड़े त्योहारों में पूजा सामग्री वितरण व्यवस्था पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि देवी-देवताओं को लाइन में लगाकर सामग्री देना उनकी आस्था और परंपरा का अपमान है। उन्होंने कहा कि आज इंसान खुद को देवताओं से बड़ा समझने लगा है।

संगठन करेगा समस्याओं का समाधान

जगन्नाथ मंदिर के पुजारी सुंभाशु पाढ़ी ने कहा कि बैठक में संगठन के विस्तार और पुजारियों की समस्याओं को दूर करने की रणनीति पर विचार किया गया। साथ ही पुजारियों और देवी-देवताओं को उचित सम्मान दिलाने पर भी चर्चा हुई।

उन्होंने कहा कि पहली बार किसी विधायक द्वारा बस्तर जिले के 186 मंदिरों और गुड़ियों के उन्नयन, पुनर्निर्माण और जीर्णोद्धार का कार्य कराया गया, जो अपने आप में एक मिसाल है। उन्होंने इस कार्य के लिए किरण देव की सराहना की।

“186 मंदिरों के पुनर्निर्माण का कार्य हुआ”

कुमार जयदेव ने कहा कि बस्तर के देवी-देवताओं, गुड़ियों और पूजा परंपराओं के संरक्षण के लिए शासन स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जगदलपुर और आसपास के क्षेत्रों में लगभग 186 मंदिरों के पुनर्निर्माण और जीर्णोद्धार का कार्य कराया गया है।

उन्होंने कहा कि संगठन के माध्यम से पुजारियों की समस्याओं का बेहतर तरीके से समाधान किया जा सकेगा। साथ ही संगठन के सदस्यों द्वारा जताए गए विश्वास के लिए उन्होंने सभी का आभार व्यक्त किया।

PUBLICFIRSTNEWS.COM

Share.
Leave A Reply