भोपाल, 22 मई 2026
भोपाल में पिछले दिनों हुई श्रीमती ट्विशा शर्मा की मृत्यु के प्रकरण की जांच अब केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंप दी गई है। इस संबंध में मध्यप्रदेश शासन के गृह विभाग द्वारा अधिसूचना जारी कर दी गई है।

जारी अधिसूचना के अनुसार, 12 मई 2026 को बाग मुगालिया एक्सटेंशन, कटारा हिल्स, भोपाल में हुई कथित दहेज मृत्यु की घटना के संबंध में थाना कटारा हिल्स में अपराध क्रमांक 133/2026 दर्ज किया गया था। यह मामला भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 80(2), 85, 3(5) तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम 1961 की धारा 3/4 के तहत पंजीबद्ध है।

राज्य शासन ने इस प्रकरण के अनुसंधान को सीबीआई को हस्तांतरित करने का प्रस्ताव स्वीकार करते हुए दिल्ली विशेष पुलिस स्थापना अधिनियम 1946 की धारा 6 के अंतर्गत अपनी सहमति प्रदान की है। इसके तहत दिल्ली विशेष पुलिस स्थापना के सदस्यों की शक्ति एवं क्षेत्राधिकार का विस्तार संपूर्ण मध्यप्रदेश में किया गया है, ताकि प्रकरण की जांच प्रभावी रूप से की जा सके।

अधिसूचना में यह भी स्पष्ट किया गया है कि संबंधित अपराध, अपराधों के दुष्प्रेरण तथा संभावित षड्यंत्र से जुड़े सभी पहलुओं की जांच के लिए भी सीबीआई को अधिकृत किया गया है।
क्रमांक : 2963H
यश // एसजे
PUBLICFIRSTNEWS.COM









