उज्जैन जिले के बड़नगर में इंस्टाग्राम पर हुई एक दोस्ती एक युवती के लिए दर्दनाक अनुभव बन गई। मुंबई की रहने वाली युवती को शादी का झांसा देकर आरोपी युवक ने पहले भरोसे में लिया, फिर उसे इंदौर बुलाकर बड़नगर ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। शिकायत मिलने के बाद बड़नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

इंस्टाग्राम से शुरू हुई पहचान
जानकारी के अनुसार, पीड़िता मुंबई के दादर इलाके की रहने वाली है और एक हॉस्टल में रहती है। करीब दो सप्ताह पहले उसकी पहचान इंस्टाग्राम के जरिए उज्जैन निवासी विकास उर्फ अंकित से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ती गई और युवक ने युवती को शादी का भरोसा देकर मिलने के लिए बुलाया।

इंदौर से बड़नगर तक ले जाकर वारदात
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी उसे पहले इंदौर बुलाया और फिर बड़नगर ले गया, जहां शादी का झांसा देकर उसके साथ अनैतिक कृत्य किया गया। घटना के बाद युवती ने बड़नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बड़नगर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपी विकास पिता जगदीश (28 वर्ष), निवासी ग्यास का बाड़ा, काजीपुरा उज्जैन (हाल मुकाम बड़नगर) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी बड़नगर में बैंड का काम करता था और उसका कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। मामले की जांच जारी है।
PUBLICFIRSTNEWS.COM









