भोपाल। भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल ने प्रदेश कार्यसमिति के स्थायी आमंत्रित सदस्यों और कार्यसमिति सदस्यों की घोषणा कर दी है। संगठनात्मक नियुक्तियों के तहत जारी इस सूची में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पूर्व मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और संगठन के अनुभवी कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जारी आदेश के अनुसार भाजपा मध्यप्रदेश की कार्यसमिति में कई वरिष्ठ नेताओं को स्थायी आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। इनमें पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, पूर्व केंद्रीय मंत्री सत्यनारायण जटिया, कप्तान सिंह सोलंकी, गौरीशंकर बिसेन, गोपाल भार्गव, जयंत मलैया, अनुसुईया उइके, अजय विश्नोई, अनूप मिश्रा, माया सिंह, यशोधरा राजे सिंधिया, बिसाहूलाल सिंह सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं को स्थान दिया गया है।
प्रदेश कार्यसमिति सदस्यों की सूची में भी संगठन और जनप्रतिनिधित्व से जुड़े कई प्रमुख नेताओं को शामिल किया गया है। इनमें मालिनी गौड़, रमेश मेंदोला, जीतू जिराती, उषा ठाकुर, रंजना बघेल, देवेन्द्र वर्मा, अर्चना चिटनिस, भगवानदास सबनानी, ओमप्रकाश सखलेचा, संजय पाठक, वैभव पवार सहित अनेक नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है।
प्रदेश भाजपा द्वारा जारी आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि सभी संभाग प्रभारी, जिला प्रभारी, प्रदेश मोर्चा अध्यक्ष और विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक प्रदेश कार्यसमिति के विशेष आमंत्रित सदस्य रहेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल द्वारा जारी इस सूची की प्रतिलिपि भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, प्रदेश सह प्रभारी सतीश उपाध्याय सहित संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों को भी भेजी गई है।
राजनीतिक दृष्टि से नई कार्यसमिति को भाजपा संगठन के विस्तार और आगामी चुनावी तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी ने नई टीम में अनुभवी नेताओं और सक्रिय कार्यकर्ताओं के बीच संतुलन साधने का प्रयास किया है। माना जा रहा है कि नई कार्यसमिति प्रदेश में संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
भाजपा संगठन की यह घोषणा प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि इससे आने वाले समय में संगठनात्मक रणनीति और राजनीतिक गतिविधियों की दिशा तय होगी।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
