भोपाल। मध्यप्रदेश के प्रशासनिक नेतृत्व में बड़ा बदलाव हुआ है। प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन को केंद्र सरकार ने नीति आयोग का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है। इस संबंध में अपॉइंटमेंट कमेटी ऑफ द कैबिनेट (ACC) ने आदेश जारी कर दिया है। अनुराग जैन पदभार ग्रहण करने की तिथि से अगले दो वर्षों तक नीति आयोग के CEO के रूप में अपनी सेवाएं देंगे।
1989 बैच के मध्यप्रदेश कैडर के वरिष्ठ IAS अधिकारी अनुराग जैन को 3 अक्टूबर 2024 को मध्यप्रदेश का मुख्य सचिव बनाया गया था। सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें एक वर्ष का सेवा विस्तार भी दिया गया था और उनका कार्यकाल 31 अगस्त 2026 तक निर्धारित था। अब केंद्र सरकार में नई जिम्मेदारी मिलने के साथ वे राष्ट्रीय स्तर पर नीति निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
अनुराग जैन की नियुक्ति के बाद मध्यप्रदेश सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने 1991 बैच के वरिष्ठ IAS अधिकारी अशोक बर्णवाल को कार्यवाहक मुख्य सचिव नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी और नए स्थायी मुख्य सचिव की नियुक्ति तक वे इस पद का दायित्व संभालेंगे।
कार्यवाहक मुख्य सचिव नियुक्त होने के बाद अशोक बर्णवाल ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विश्वास व्यक्त किया कि अशोक बर्णवाल अपने प्रशासनिक अनुभव, कार्यकुशलता और नेतृत्व क्षमता के बल पर प्रदेश के विकास को नई गति देंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है तथा प्रशासन की प्रभावी भूमिका प्रदेश के विकास में बेहद महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री और कार्यवाहक मुख्य सचिव के बीच हुई मुलाकात में प्रदेश के विकास, सुशासन और प्रशासनिक प्राथमिकताओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास कार्यों को और अधिक गति देना तथा जनता तक योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाना है।
इस प्रशासनिक बदलाव को मध्यप्रदेश के शासन-प्रशासन के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। एक ओर अनुराग जैन राष्ट्रीय स्तर पर नीति आयोग में नई जिम्मेदारी निभाएंगे, वहीं दूसरी ओर अशोक बर्णवाल कार्यवाहक मुख्य सचिव के रूप में प्रदेश के प्रशासनिक कार्यों की कमान संभालेंगे।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
