भोपाल। मध्य प्रदेश के कृषि मंत्री श्री एदल सिंह कंषाना ने किसान प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और सभी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाएगा।
कृषि मंत्री ने बताया कि अधिकारियों को किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान और ग्रीष्मकालीन मूंग खरीदी सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना और उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाना है।
श्री कंषाना ने कहा कि सरकार और किसान एक-दूसरे के सहयोगी हैं तथा आपसी संवाद और सकारात्मक प्रयासों से किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में खरीदी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाया जाएगा।
मूंग खरीदी के संबंध में कृषि मंत्री ने जानकारी दी कि उन्होंने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर ग्रीष्मकालीन मूंग उपार्जन का लक्ष्य बढ़ाने का अनुरोध किया है। संशोधित प्रस्ताव के अनुसार केंद्र सरकार से प्रदेश के कुल उत्पादन के 40 प्रतिशत, यानी 8.06 लाख मीट्रिक टन मूंग खरीदी का लक्ष्य स्वीकृत करने की मांग की गई है।
कृषि मंत्री ने भरोसा दिलाया कि किसानों से जुड़े सभी मुद्दों पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर जल्द निर्णय लिया जाएगा, ताकि किसानों को राहत मिल सके और उनकी आय बढ़ाने के प्रयासों को गति मिले.
PUBLICFIRSTNEWS.COM
