पब्लिक फर्स्ट। वेस्ट इंफाल।

मणिपुर के वेस्ट इंफाल जिले के दो गांवों पर शुक्रवार रात को कुकी समुदाय के लोगों ने हमला कर दिया। हमले में 15 लोग घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, कुकी समुदाय के लोगों ने मॉर्डन हथियारों और बमों के साथ अटैक किया।

पुलिस और मणिपुर राइफल्स ने भगाया
कुकी समुदाय के लोगों ने फायेंग और कांगचुप चिंगखोंग गांव पर हमला किया। इस दौरान वहां तैनात पुलिस और मणिपुर राइफल्स ने हमले का जवाब दिया। 4 घंटे से ज्यादा समय तक दोनों तरफ से गोलीबारी होती रही, जिसके बाद कुकी समुदाय के लोग नजदीकी पहाड़ियों में भाग गए। घायलों को इंफाल के रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस और राज मेडिसिटी में भर्ती करवाया गया है। दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।

काकचिंग जिले से 7 शव बरामद
मणिपुर पुलिस, बीएसएफ और असम राइफल्स ने एक संयुक्त ऑपरेशन में काकचिंग जिले के सेरौ और सुगनू इलाके से 7 शव बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, इन लोगों की मौत 28 मई को हुई हिंसक झड़प में हुई थी। राज्य में अब तक पुलिस ने 40 लोगों का एनकाउंटर भी किया है। CM एन बीरेन सिंह ने एनकाउंटर में मारे गए लोगों को ‘मिलिटेंट’ बताया है। CM ने कहा- ये लोग आम नागरिकों के खिलाफ एम-16, एके-47 असॉल्ट राइफलों और स्नाइपर गन का इस्तेमाल कर रहे हैं।

इम्फाल घाटी वाले इलाके में मैतेई समुदाय का दबदबा है। ये ज्यादातर हिंदू होते हैं। मणिपुर की कुल आबादी में इनकी हिस्सेदारी करीब 53% है। मणिपुर के कुल 60 विधायकों में से 40 विधायक मैतेई समुदाय से हैं। मणिपुर के पुलिस चीफ पी. डोंगल को हटा दिया गया है। अब उनकी जगह राजीव सिंह को नियुक्त किया गया है। गृह मंत्री 29 मई से 4 दिन के दौरे पर मणिपुर गए। 1 जून को उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज से हिंसा की जांच कराई जाएगी। हिंसा से जुड़े 6 मामलों की जांच CBI करेगी। शाह ने कहा कि मणिपुर हाईकोर्ट के एक जल्दबाजी भरे फैसले की वजह से यहां हिंसा हुई है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अपील के बाद मणिपुर में उपद्रवियों ने 144 हथियार और 11 मैगजीन सरेंडर किए हैं। इनमें SLR 29, कार्बाइन, AK, इंसास राइफल, इंसास LMG, M16 राइफल जैसी हाईटेक राइफल्स और ग्रेनेड भी शामिल हैं। मणिपुर सुरक्षा सलाहकार कुलदीप सिंह ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी।

Share.

Comments are closed.