पब्लिक फर्स्ट। पटना।

पटना में विपक्षी पार्टियों की पहली बड़ी बैठक मुख्यमंत्री आवास 1 अणे मार्ग में शुरू हो गई है। इसमें 15 पार्टियों के नेता मौजूद हैं। बैठक 5 घंटे तक चलेगी। इसमें भाजपा के खिलाफ लड़ने का रोडमैप तैयार किया जाएगा।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी और अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, शरद पवार, उद्धव ठाकरे शुक्रवार सुबह पटना पहुंचे। राहुल और खड़गे पहले एअरपोर्ट से सीधे कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे। यहां राहुल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर ‌BJP को हराएंगे। देश में दो विचारधारा की लड़ाई चल रही है। एक तरफ कांग्रेस की भारत जोड़ो विचारधारा है तो दूसरी ओर BJP-RSS की भारत तोड़ो।

15 पार्टियों के नेता पटना में

ये पार्टियां शामिल होंगी: JDU, RJD, AAP, DMK, TMC, CPI, CPM, CPI (ML), PDP, नेशनल कॉन्फ्रेंस, कांग्रेस, शिवसेना, सपा, JMM और NCP।

नेता, जो मीटिंग में शामिल होंगे: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री नेता एम के स्टालिन, बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, डी राजा, दीपांकर भट्टाचार्य और महबूबा मुफ्ती। ये सभी नेता गुरुवार को ही पटना पहुंच गए थे। राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे, NCP के शरद पवार और जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस के उमर अब्दुल्ला, सपा के अखिलेश यादव, शिवसेना के उद्धव ठाकरे, JMM के हेमंत सोरेन शुक्रवार को पटना पहुंचे। इनके अलावा, JDU से नीतीश कुमार और RJD से तेजस्वी यादव बैठक में शामिल हैं।

बैठक में सभी दलों के नेताओं को बोलने का दिया जाएगा मौका

महागठबंधन के सूत्रों के मुताबिक, बैठक में शामिल सभी दलों के नेताओं को बोलने का वक्त मिले, इसका खास ख्याल रखा गया है। बैठक का मुख्य उद्देश्य BJP को केंद्र की सत्ता से बेदखल करना है। इसके लिए नए सिरे से विपक्षी दलों को एकजुट किया जा रहा है। बैठक में कई अहम निर्णय लिए जाएंगे। इसमें मुख्य रूप से विपक्षी एकजुटता का नाम क्या हो? इसकी अगुआई कौन करेंगे। इस पर फैसला हो सकता है। साथ ही चुनाव में टिकट के फार्मूले और कॉमन मिनिमन प्रोग्राम पर भी चर्चा हो सकती है।

ममता बनर्जी सबसे पहले लालू से मिलीं, पैर छूकर लिया आशीर्वाद

पटना पहुंचने के बाद सबसे पहले ममता बनर्जी राबड़ी आवास पहुंचीं। यहां उन्होंने लालू यादव से पैर छूकर आशीर्वाद लिया। हालांकि, उन्होंने बैठक में एजेंडा के सवाल पर कुछ भी बोलने से मना कर दिया। उन्होंने कहा कि हम लोग इकट्ठा होकर चुनाव लड़ेंगे। एक के खिलाफ एक लड़ेंगे।

AAP ने पोस्टर लगा केजरीवाल को नीतीश से सतर्क रहने की सलाह दी

वहीं पटना में एक और पोस्टर की चर्चा है। इसे आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं की तरफ से लगाया गया है। इसमें दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल को CM नीतीश कुमार से सतर्क रहने की सलाह दी गई है। साथ ही अरविंद केजरीवाल को PM कैंडिडेट बताया गया है।

publicfirstnews.com

Share.

Comments are closed.