पब्लिक फर्स्ट। नई दिल्ली

उत्तराखंड, दिल्ली, UP, पंजाब और हरियाणा में लगातार बारिश हो रही है। खराब मौसम के चलते बीते 4 दिनों में देश के अलग-अलग राज्यों में 100 से ज्यादा लोग की जान चली गई।आठ जुलाई से अब तक हिमाचल प्रदेश में 36, UP में 34, जम्मू-कश्मीर में 15, उत्तराखंड में 9, दिल्ली में 5 और राजस्थान, महाराष्ट्र और हरियाणा में एक-एक की मौत हुई है।हिमाचल में 10 हजार टूरिस्ट जगह-जगह फंसे हैं। चंद्रताल में 3 फीट बर्फ जम गई है। 6 हेलिकॉप्टर रेस्क्यू में लगाए गए हैं। कुल्लू में ब्यास नदी के बहाव में आधा सैंज बाजार ही बह गया।

उत्तराखंड में आज बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। लैंडस्लाइड की वजह से गंगोत्री और यमुनोत्री नेशनल हाईवे कई जगहों पर बंद हैं। यहां 3 से 5 हजार लोग फंसे हुए हैं।दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर दोपहर 1 बजे तक 207.55 मीटर पहुंच गया। 1978 में यमुना का हाईएस्ट वाटर लेवल 207.49 मीटर पहुंचा था। इस बार 45 साल का रिकॉर्ड टूटा।

दिल्ली सीएम ने ट्वीट कर जानकारी दी कि, आज रात तक यमुना का वाटर लेवल 207.72 मीटर तक पहुंच जाएगा। हरियाणा से पानी छोड़ा जा रहा है। जिससे दिल्ली में बाढ़ के हालात बन रहे हैं। केजरीवाल ने केंद्र से मदद का आग्रह किया है।

मौसम से जुड़े अपडेट्स…

  • यमुना वाटर लेवल ऑल टाइम रिकॉर्ड पर पहुंच गया। इसको लेकर दिल्ली CM केजरीवाल ने इमरजेंसी मीटिंग की।
  • उत्तराखंड में भारी बारिश के चलते केदारनाथ यात्रा रोकी गई।
  • हिमाचल के चंद्रताल में 250 टूरिस्ट फंसे हुए हैं। CM सुक्खू ने कहा है कि 8 घंटे के लिए बारिश बंद हुई तो सभी को रेस्क्यू कर लेंगे।
  • सोलन में लैंडस्लाइड की चपेट में आने से दो प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई। वहीं, चंडीगढ़-शिमला और चंडीगढ़ मनाली नेशनल हाईवे आंशिक तौर पर खोल दिए गए हैं।
  • हरिद्वार के टीबड़ी में रेल ट्रैक टूटने से कई ट्रेनें प्रभावित हुईं हैं।
  • दिल्ली के चाणक्य पुरी इलाके में पानी भर गया। कुछ राजनयिकों और वरिष्ठ अफसरों के घर में भी पानी घुस गया।
  • हरियाणा के 9 जिलों के 600 गांवों में पानी भर गया है। अंबाला के 40% हिस्से में पानी भर गया है।
  • चंडीगढ़-अंबाला हाईवे ट्रैफिक के लिए खोल दिया गया। वहीं, अंबाला-कैथल-हिसार नेशनल हाईवे अभी भी बंद है

अगले 24 घंटे कैसे रहेंगे…

इन राज्यों में तेज बारिश होगी: मध्य प्रदेश, हिमाचल, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मिजोरम, मणिपुर, त्रिपुरा, गोवा, कर्नाटक, केरल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और झारखंड।

इन राज्यों में हल्की बारिश होगी: राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, गुजरात, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, ओडिशा और तमिलनाडु में बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

publicfirstnews

Share.

Comments are closed.