पब्लिक फर्स्ट। भोपाल।

एक हफ्ते में 50 से ज्यादा मरीज मिले, सबसे ज्यादा 11 मरीज ईदगाह हिल्स इलाके में
रुक-रुक कर रही हो रही बारिश से भोपाल में डेंगू का संक्रमण बढ़ने लगा है। राजधानी में बीते एक हफ्ते में 50 से ज्यादा डेंगू संक्रमित मरीज मिले हैं। इसके चलते स्वास्थ्य विभाग ने राजधानी के 9 इलाकों को डेंगू सेंसेटिव जोन घोषित किया है। इसकी पुष्टि जिला मलेरिया अधिकारी दफ्तर की रिपोर्ट में हुआ है। रिपोर्ट में सेंसेटिव इलाकों में इस साल 67 डेंगू मरीज मिलने की जानकारी दी गई है।

जिला मलेरिया अधिकारी अखिलेश दुबे ने बताया कि भोपाल में डेंगू का संक्रमण नियंत्रण में हैं। बीते एक हफ्ते से रोजाना औसतन 9 नए मरीज मिल रहे हैं। अगस्त में रोजाना मिल रहे औसतन मरीजों की संख्या 6 थी। सितंबर में रोजाना मिल रहे नए मरीजों की संख्या में आंशिक इजाफा बारिश की वजह से हुई है।

प्रदेश में सबसे ज्यादा डेंगू संक्रमित भोपाल में …
स्वास्थ्य संचालनालय की रिपोर्ट के मुताबिक मप्र में डेंगू के सबसे ज्यादा मरीज इस साल राजधानी भोपाल में मिले हैं। यहां डेंगू संक्रमितों का आंकड़ा 262 है, जबकि ग्वालियर में अब तक 183 और इंदौर में 120 डेंगू पॉजिटिव मरीज मिल चुके हैं। रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश में डेंगू बुखार के इस साल 1300 मरीज मिल चुके हैं।

खतरा: अगले दो हफ्ते में डेंगू का संक्रमण बढ़ेगा
डीएमओ दुबे के मुताबिक बीते दिनों हुई बारिश की वजह से अगले दो सप्ताह में डेंगू का संक्रमण बढ़ने का खतरा है। ऐसा अधिकांश इलाकों में डेंगू का संक्रमण फैलाने वाले मच्छरों के लार्वा ज्यादा होना है। बकौल डीएमओ शहर के अलग-अलग इलाकों में डेंगू के बढ़ते लार्वा को नियंत्रित करने 44 टीमें लार्वा सर्वे कर, लार्वीसाइट का छिड़काव कर रही हैं, ताकि डेंगू के संक्रमण को शहर में बढ़ने से पहले रोका जा सके।

जेपी के डेंगू वार्ड में 4 मरीज भर्ती
जेपी अस्पताल में डेंगू संक्रमित मरीजों के इलाज के लिए अलग से 10 बिस्तर का डेंगू वार्ड बनाया गया है। यहां चार मरीज भर्ती हैं। इनमें से तीन मरीज बीते चार दिन से, जबकि एक मरीज सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात भर्ती हुआ है। वार्ड में भर्ती मरीजों में एक कक्षा 9वीं की छात्रा भी शामिल है। उसे करीब तीन दिन पहले यहां भर्ती किया गया था। अस्पताल की इमरजेंसी यूनिट के ड्यूटी डॉक्टर के अनुसार डेंगू वार्ड में भर्ती चारों मरीजों की सेहत फिलहाल स्थिर है।

publicfirstnews.com

Share.

Comments are closed.

Secret Link