यूपी के मेरठ में शुक्रवार को कथावाचक प्रदीप मिश्रा के कार्यक्रम में भगदड़ मच गई। इस दुर्घटना में चार महिलाओं के घायल होने की खबर है। यहां शिव महापुराण कथा चल रही थी। अचानक भीड़ बेकाबू हो गई।एसपी सिटी आयुष बिक्रम सिंह ने बताया कि कुछ महिलाएं चोटिल हुई हैं। उनको इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मेरठ में इन दिनों शिवमहापुराण कथा का आयोजन चल रहा है। शुक्रवार को कार्यक्रम के दौरान हंगामा मच गया। मेरठ के एससपी ने कहा कि पूरी घटना की जांच कराई जाएगी। कथा के प्रवेश द्वार पर हंगामा होने की वजह से भगदड़ की घटना सामने आई है। परतापुर के शताब्दी नगर सेक्टर 4 में महा शिवपुराण कथा चल रही है।
एक के ऊपर गिरती रहीं महिलाएं
इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सामने आया है। इसमें देखा जा सकता है कि कैसे हंगामे की वजह से कुछ महिलाएं एक के ऊपर एक कर गिर जाती हैं। वहां मौजूद लोग मौके को संभालने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं।
क्या बोले डीएम दीपक मीणा
डीएम दीपक मीणा ने बताया कि कार्यक्रम के एंट्री गेट पर कुछ लोगों के हंगामा करने की खबर मिली थी। इसकी वजह से कुछ महिलाएं एक दूसरे के ऊपर गिर गईं। सभी चीजें कंट्रोल में है। मौके पर पुलिस फोर्स और पुलिस तैनात है। इस कार्यक्रम की अनुमति प्रशासन की तरफ से ली गई थी।
कथा सुनने पहुंचे थे कई वीवीआईपी
बताते चलें कि इस कथा को सुनने कई वीवीआईपी भी मेरठ पहुंचे हैं। कथा का आयोजन मेरठ के शताब्दी नगर में हो रहा है। आयोजन स्थल पर मौजूद एक अन्य व्यक्ति ने बताया कि कथा में जिस रास्ते से भीड़ आ रही थी, उसी रास्ते से मुख्य यजमान भी जा रहे थे। इसी दौरान एंट्री को लेकर झगड़ा हो गया। एंट्री गेट पर बाउंसर्स ने महिलाओं को अंदर जाने से रोक दिया। पीछे से भीड़ आगे बढ़ने के लिए धक्का देती रही। इसी बीच 15 से 20 महिलाएं एक-एक कर गिर गईं। इस कथा का आयोजन शताब्दी नगर में श्री केदारेश्वर सेवा समिति की ओर से किया जा रहा है। 15 दिसंबर से ही कथा हो रही है। कथा दोपहर एक बजे से शुरू होती है और 4 बजे तक चलती है।
PUBLICFIRSTNEWS.COM