दिल्ली से पटना आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-2482 सोमवार रात पटना एयरपोर्ट पर बड़ी दुर्घटना का शिकार होने से बाल-बाल बच गई। लैंडिंग के दौरान विमान टचडाउन प्वाइंट को नहीं छू पाया और रनवे से आगे बढ़ गया। स्थिति को भांपते हुए पायलट ने तुरंत विमान को फिर से टेकऑफ कर हवा में ले लिया। पायलट की सूझबूझ से 173 यात्रियों की जान बचाई जा सकी।
यात्रियों की सांसें थमीं, विमान अचानक फिर से उड़ान भर गया
विमान रात करीब 9:00 बजे पटना एयरपोर्ट पर उतरने ही वाला था, लेकिन लैंडिंग के दौरान विमान रनवे को छूने के बजाय आगे खिसकता गया। कुछ सेकंड के भीतर पायलट ने टेकऑफ का निर्णय लिया, जिससे यात्रियों में घबराहट फैल गई। अचानक फिर से हवा में ऊंचाई पकड़ने से कई यात्रियों को लगा कि कोई बड़ी तकनीकी समस्या या आपात स्थिति उत्पन्न हो गई है।
चार चक्कर लगाने के बाद सुरक्षित लैंडिंग
विमान ने करीब चार चक्कर आसमान में लगाए, जिसके दौरान यात्रियों में बेचैनी बनी रही। पांच मिनट के भीतर पायलट ने कंट्रोल में रहते हुए विमान को दोबारा पटना एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड कराया। इसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। क्रू मेंबर्स द्वारा यात्रियों को भरोसा दिलाया गया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में थी और कोई आपातकालीन परिस्थिति नहीं थी।
रनवे छोटा, इसलिए लिया गया दोबारा टेकऑफ का फैसला
सूत्रों के अनुसार, पटना एयरपोर्ट का रनवे अपेक्षाकृत छोटा है। पायलट को यह आभास हुआ कि विमान समय रहते नहीं रुक पाएगा, जिससे उन्होंने दोबारा टेकऑफ को ही सुरक्षित विकल्प माना। यह निर्णय पूरी तरह तकनीकी और एहतियाती था, जिसे पायलट ने बेहद सूझबूझ के साथ लिया।
25 साल पुरानी भयावह घटना की यादें ताजा
इस घटना ने 17 जुलाई 2000 को हुए एक दर्दनाक विमान हादसे की यादें ताजा कर दीं, जब एलायंस एयर का विमान पटना में लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। उस दुर्घटना में 66 लोगों की जान चली गई थी। सोमवार की घटना में किसी भी यात्री या क्रू को कोई चोट नहीं आई, जो एक बड़ी राहत की बात रही।
PUBLICFIRSTNEWS.COM
