पब्लिक फर्स्ट। उज्जैन। अमृत बैंडवाल ।
मध्यप्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त की मुहिम को एक और बड़ी सफलता मिली है। उज्जैन में उपजेल खाचरोद के सहायक जेल अधीक्षक सुरेन्द्र सिंह राणावत को ₹15,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई शुक्रवार को लोकायुक्त पुलिस द्वारा की गई।
पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त आनंद कुमार यादव के निर्देशन में डीएसपी दिनेश चंद्र पटेल, निरीक्षक हिना डावर, प्रधान आरक्षक हितेश ललावत व अन्य स्टाफ ने यह ट्रैप ऑपरेशन जेल परिसर में अंजाम दिया।
शिकायतकर्ता जितेंद्र गोमे ने बताया कि उसका साला कनवर सिसौदिया उपजेल खाचरोद में बंद है। जेल अधीक्षक राणावत ने उसे सुविधा देने के बदले ₹30,000 की रिश्वत मांगी थी, जिसकी पहली किस्त ₹15,000 लेते समय वह पकड़ा गया।
लोकायुक्त महानिदेशक योगेश देशमुख द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई न केवल भ्रष्ट अधिकारियों पर लगाम कसने की दिशा में बड़ा कदम है, बल्कि यह स्पष्ट संदेश भी देती है कि किसी भी सरकारी पद पर बैठे व्यक्ति को भ्रष्टाचार करने की छूट नहीं है।
फिलहाल आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच जारी है।
